[ KABEER NEWS DESK ]
आखिरी चरण के मतदान के साथ समाजवादी पार्टी के हौसले कुछ ज्यादा ही बुलंद दिखे जिसके चलते समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बार यूपी की सत्ता में सपा के आने की बात की और पूरी पार्टी का हौसला बुलंद किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जनता इस बार डबल इंजन की सरकार की पटरियां उखाड़ने के लिए तैयार है। सपा गठबंधन को कम से कम तीन सौ सीटें मिलना तय है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनी तो पूर्वांचल को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का काम करेंगे।
उन्होंने मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने अपनी बुनियादी समस्याओं, बेकारी, महंगाई के खिलाफ और विकास के लिए मतदान किया। डबल इंजन की भाजपा सरकार ने जनता को निराश किया है। नौजवानों को अपमानित किया गया। प्रदेश में नौकरी रोजगार का संकट है। किसानों के साथ भाजपा शासन में अन्याय हुआ है। शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई। भाजपा ने भाषा के स्तर को गिराया और राजनैतिक मर्यादा को तार तार किया। भाजपा शासन में पुलिस हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें हुई।
पर समाजवादी पार्टी जनता से किए वादे पूरे करती है। समाजवादी पार्टी की प्रतिबद्धता विकास से है। उत्तर प्रदेश का एक्सप्रेस-वे से परिचय सपा ने ही कराया। समाजवादी सरकार में बांटे गए 18 लाख लैपटॉप की 18 लाख सफल कहानी है। साथ ही समाजवादी सरकार में ही मेट्रो भी चलाई गई। साथ ही अखिलेश ने यूक्रेन और रूस के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने इस मामले में भाजपा सरकार को नाकाम बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने यूक्रेन के मामले में अपनी नाकामी छिपाई है।